फलोदी में त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने फलोदी शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 378 किलोग्राम संदिग्ध सिंथेटिक मिल्क केक जब्त किया है। वाहन की जांच में मिला संदिग्ध मिल्क केक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह कार्रवाई फलोदी शहर में मोती महल के पास एक वाहन की जांच के दौरान की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त मिल्क केक की आपूर्ति जोधपुर के सालावास स्थित विनायक फूड प्रोसेसिंग से की जा रही थी। सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मल कुमार महर्षि ने नियमानुसार संदिग्ध मिल्क केक को जब्त कर अपने कब्जे में लिया। खाद्य पदार्थ के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बादकार्रवाई की जाएगी। मिठाई खरीदते समय पैकिंग और लेबल जांचने की अपील सीएमएचओ डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने आमजन से त्योहारी सीजन में मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्राहक खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि और लेबल की जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को देने का आग्रह किया गया है। जिलेभर में अभियान रहेगा जारी खाद्य सुरक्षा विभाग, फलोदी की ओर से मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई के जरिए मिलावट पर अंकुश लगाने का प्रयास करेगी।