फलोदी में सावन के अंतिम सोमवार को शहर और आसपास के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिरों में भगवान शिव का रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कांग्रेस नेता ने शुरु की कांवड़ यात्रा इसी अवसर पर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य और राजस्थान एनएसयूआई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने फलोदी से लोहावट तक अपनी चौथी कांवड़ यात्रा शुरू की। इस पैदल यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक भी उनके साथ कांवड़ लेकर शामिल हुए। अभिषेक चौधरी सुबह अपने समर्थकों के साथ फलोदी स्थित शिवसर तालाब पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने कांवड़ में जल भरा और लोहावट के लिए यात्रा प्रारंभ की। उनके साथ 100 से अधिक समर्थक कांवड़ लेकर पैदल चल रहे हैं। चौधरी ने वर्ष 2023 में पहली बार फलोदी से लोहावट तक यह कांवड़ यात्रा शुरू की थी। तब से वे प्रत्येक वर्ष सावन के अंतिम सोमवार को यह यात्रा निकालते आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत नगरपरिषद चौराहे पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद सलीम नागौरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अभिषेक चौधरी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कांवड़ यात्रियों के लिए विभिन्न स्थानों पर शीतल पेय और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। यह कांवड़ यात्रा फलोदी से जोधपुर चौराहा, लोर्डिया और छीला होते हुए लोहावट स्थित शिवसर सरोवर पहुंचेगी। वहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ के जल का अभिषेक एवं विसर्जन किया जाएगा।