नामांकन के अंतिम दिन 31 अगस्त को प्रत्याशी एक साथ उतरेंगे; दो दिन में 98 नामांकन दाखिल नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की उम्मीदवार सूची जारी नहीं होने से चुनावी रंग फीका नजर आ रहा है। नामांकन के दो दिन बीतने के बावजूद अपेक्षित राजनीतिक हलचल नहीं दिखी है। इसकी बड़ी वजह भाजपा-कांग्रेस की सूची का इंतजार है। इसी बीच भाजपा-कांग्रेस और दावेदारों का ‘प्लान बी’ भी सामने आया है। जिन सीटों पर ज्यादा बगावत की गुंजाइश है, वहां पर लिस्ट जारी ही नहीं की जाए। वहां पर सीधे ही अंतिम दिन अंतिम समय पर सिंबल खुद ही जमा करा दें। वहीं चुनाव लड़ने वाले दावेदार भी पार्टी के अलावा दो-तीन निर्दलीय नामांकन कर रहे हैं, ताकि टिकट कटे तो भी वे चुनाव लड़ सके। अब सोमवार को दोनों पार्टियों के प्रत्याशी एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों के एक साथ नामांकन दाखिल करने से केंद्रों पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इससे नामांकन स्थलों पर पुलिस और प्रशासन के सामने व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी। पार्टियों की तैयारी; सीधे आरओ को सिंबल देंगे
भाजपा और कांग्रेस की रणनीति बताई जा रही है कि प्रत्याशियों के नाम पहले सार्वजनिक नहीं किए जाएं। नामांकन के दौरान ही पार्टी का अधिकृत सिंबल सीधे संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को सौंपा जाए। इससे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी की जानकारी अंतिम समय तक सीमित लोगों तक ही रहेगी। साथ ही बागी उम्मीदवारों को पार्टी के नाम पर समानांतर दावेदारी करने का मौका भी कम मिलेगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल नामांकन की समय सीमा 3 बजे खत्म होने से करीब आधा घंटा पहले ही रिटर्निंग अधिकारियों को सौंपने की तैयारी है। कल नामांकन का अंतिम दिन
सोमवार को नामांकन केंद्रों पर एक ही व्यक्ति या समर्थक समूह की ओर से एक से अधिक नामांकन दाखिल किए जाने की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। अंतिम दिन पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम सामने आने के साथ ही बागियों और निर्दलीय उम्मीदवारों की तस्वीर भी साफ होगी। दोनों दलों में वार्डों से बाहरी बने सिरदर्द
भाजपा और कांग्रेस में कई ऐसे वार्ड हैं, वहां पर वार्ड से बाहरी प्रत्याशी भी दावेदारी कर रहे हैं। इसके चलते पार्टियां समय से प्रत्याशी का फैसला नहीं कर पा रही है। जयपुर के 150 वार्डों में दो दिन में 98 नामांकन, 92 उम्मीदवार मैदान में
नगर निगम चुनाव में 29 अगस्त को दूसरे दिन निगम के 150 वार्डों में 81 उम्मीदवारों ने 86 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। दो दिन में 92 उम्मीदवारों ने 98 नामांकन किए हैं। सबसे ज्यादा नामांकन वार्ड 1, 11 और 47 में 5-5 आए हैं। वार्ड 39 में 3 नामांकन, लेकिन 2 उम्मीदवार हैं। वार्ड 65, 97 और 118 में 2-2 नामांकन दाखिल हुए, लेकिन प्रत्येक वार्ड में 1-1 उम्मीदवार है। 27 अगस्त को नामांकन
पहले दिन 10 वार्डों में 12 नामांकन, कांग्रेस के 4 और 7 निर्दलीय पहले दिन 10 वार्डों में कुल 12 नामांकन दाखिल हुए। इनमें कांग्रेस के 4 प्रत्याशियों ने बिना सिंबल नामांकन भरा। इन्हें बाद में कांग्रेस का आधिकारिक सिंबल जमा कराना होगा। 29 अगस्त को नामांकन
कांग्रेस: 30 प्रमुख वार्डों में सबसे अधिक प्रत्याशी मैदान में उतारे
भाजपा: 13 वार्ड 5, 7, 8, 20, 23, 26, 30, 31, 32, 67, 97, 144
निर्दलीय: 32 बागी और स्थानीय सामाजिक समीकरणों के दावेदार
आम आदमी पार्टी : 04 वार्ड 22, 71, 103, 118
बहुजन समाज पार्टी: 02वार्ड 1 (रामजीलाल), वार्ड 86 (सीमा)