कोटपूतली-बहरोड़ के प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड 32 से लापता हुए भाजपा प्रत्याशी बुद्धाराम गढ़वाल को को पुलिस ने ढूंढ निकाला। पुलिस को प्रत्याशी दिल्ली के धौला कुआं बस स्टैंड पर मिला। बुद्धराम ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से गया था। पुलिस ने मेडिकल करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। प्रागपुरा थाना अधिकारी भजनाराम चौधरी ने बताया- बुद्धाराम गढ़वाल 1 सितंबर की शाम करीब 4 बजे अचानक घर से चले गए थे। इसके बाद परिजनों ने प्रागपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामला सामने आने के बाद पुलिस और परिजनों की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में लग गईं। पुलिस टीम ने 3 सितंबर की रात करीब 9 बजे बुद्धाराम गढ़वाल को धौला कुआं, नई दिल्ली बस स्टैंड से ढूंढ निकाला। पूछताछ में बुद्धाराम ने पुलिस को बताया वह 1 सितंबर को अपनी मर्जी से घर से गए थे। उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और उनके जाने का कोई दूसरा कारण भी नहीं था। धरने पर बैठ गए कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा प्रत्याशी के लापता होने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया। 3 सितंबर को वार्ड नंबर 32 से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश देवी अपने परिजनों के साथ प्रागपुरा थाने पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने विराटनगर डीएसपी उमेश निठारवाल और प्रागपुरा थाना अधिकारी भजनाराम चौधरी को ज्ञापन देकर लापता भाजपा प्रत्याशी को जल्द ढूंढने की मांग की थी।