प्रतापगढ़ में दो बाइक की भिड़ंत में चार युवकों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर घायल है। हादसा देवगढ़ थाना क्षेत्र में धरियावद रोड पर रविवार रात 9 बजे हुआ। मरने वाले दो युवक पूर्व सीएम अशोक गहलोत की सभा से लौट रहे थे। थाना अधिकारी कानाराम ने बताया- रविवार रात 9 बजे बंबोरी स्थित वेयरहाउस के पास हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने अनिल (25) निवासी जोगीखेड़ा खतौड़ी (प्रतापगढ़) और विकास (25) निवासी शाहजी का पठार (देवगढ़) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल बादल (20), कुलदीप (19) निवासी जोगीखेड़ा खतौड़ी और निलेश मीणा (24) निवासी शाहजी का पठार को उदयपुर रेफर कर दिया गया। इस दौरान निलेश की भी मौत हो गई। कुलदीप और बादल को उदयपुर भेजा गया। इलाज के दौरान सोमवार अलसुबह कुलदीप ने दम तोड़ दिया। बादल का इलाज चल रहा है। पूर्व सीएम की सभा में शामिल होने गए थे पुलिस ने बताया- रविवार को छुट्टी होने के चलते अनिल, उसका भाई बादल और चचेरा भाई कुलदीप अपने गांव जोगीखेड़ा खतौड़ी से 40 किलोमीटर दूर देवाक माता मंदिर में दर्शन करने और वहां आयोजित पूर्व सीएम अशोक गहलोत की सभा में शामिल होने गए थे। लौटते समय घर से 15 किलोमीटर दूर बंबोरी स्थित वेयरहाउस के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। जिस पर निलेश मीणा और उसका चचेरा भाई विकास मीणा सवार थे। प्रेग्नेंट है अनिल की पत्नी पुलिस ने बताया- अनिल की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी प्रेग्नेंट है। अनिल के तीन भाई हैं, जिनमें बादल का इलाज चल रहा है। वहीं कुलदीप की एक साल पहले सगाई हुई थी। कुलदीप का एक बड़ा भाई है। 12वीं पास कुलदीप मैकेनिक का काम करता था। घटना को लेकर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दुख जताया है। … यह खबर भी पढ़ें… ट्रक से टकराई पिकअप,2 बहनों समेत 5 लोगों की मौत:अस्थि विसर्जन करने सोरोंजी जा रहा था परिवार; गाड़ी में सो रहे लोग उछलकर गिरे करौली जिले से अस्थि विसर्जन के लिए सोरोंजी तीर्थस्थल जा रहे 5 लोगों की उत्तर प्रदेश के कासंगज में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। मरने वालों में दो सगी बहनों और एक चचेरे भाई समेत एक ही परिवार के 5 लोग शामिल है। (पढ़ें पूरी खबर)