प्रतापगढ़ में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव को लेकर शहर के कृष्ण मंदिरों में खास तैयारियां की गईं। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर मंदिरों में दर्शन किए और भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। जन्माष्टमी के मौके पर चारभुजा नाथ मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का सुंदर श्रृंगार किया गया। मंदिर को रंग-बिरंगी बिजली की रोशनी से सजाया गया था, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इसके अलावा केशवराय जी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, कल्लाजी मंदिर, अंबिका राजराजेश्वरी मंदिर, भूतनाथ महादेव मंदिर और बालाजी मंदिर में भी खास पूजा और धार्मिक कार्यक्रम हुए। ग्वाला समाज ने निकाली शोभायात्रा जन्माष्टमी पर ग्वाला समाज की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोग पारंपरिक कपड़ों में शामिल हुए। सुबह कृष्ण मंदिर में अभिषेक और पूजा के बाद शोभायात्रा शुरू हुई। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य रास्तों से गुजरी। रास्ते में जगह-जगह व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर और आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजे नजर आए, जो लोगों को खूब पसंद आए। शोभायात्रा के बाद समाज की धर्मशाला में प्रसादी बांटी गई, जिसे समाज के लोगों ने ग्रहण किया। जन्माष्टमी के मौके पर रात में केशवराय जी मंदिर में महाआरती और खास भजन संध्या होगी। जन्माष्टमी को लेकर शहर सहित जिलेभर के कृष्ण मंदिरों को सुंदर बिजली की रोशनी से सजाया गया है। मंदिरों में देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम चलते रहेंगे। शोभायात्रा के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक के लिए पुलिस ने अच्छी व्यवस्था की थी। मुख्य रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात थे और शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकली।