राजाखेड़ा नगरपालिका चुनाव-2026 को लेकर शनिवार को नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली। उपखंड अधिकारी के निर्वाचन कार्यालय में सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। दूसरे दिन कुल 29 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके साथ ही अब तक कुल 32 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं। जेठानी-देवरानी और बाप-बेटे ने भरे पर्चे शनिवार को नामांकन के दौरान कुछ दिलचस्प मामले भी सामने आए। वार्ड नंबर 21 से जेठानी-देवरानी ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड नंबर 22 से बाप-बेटे ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए पर्चे भरे। वहीं, 10 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी शनिवार को नामांकन दाखिल किए। निर्दलीयों की बढ़ती सक्रियता से कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार बन रहे हैं। सोमवार को अंतिम मौका रिटर्निंग अधिकारी सुशीला मीणा ने बताया- शनिवार को प्राप्त सभी 29 नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। रविवार को अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाएंगे। सोमवार 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन रहेगा। अंतिम दिन बड़ी संख्या में दावेदारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है, जिससे निर्वाचन कार्यालय में चुनावी गहमागहमी और बढ़ सकती है।