स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने फर्जी डिग्री से नौकरी हासिल करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की प्राध्यापक-हिंदी (स्कूल शिक्षा) परीक्षा 2022 में फर्जी डिग्री से नौकरी ली थी। एसओजी ने आरोपी को 30 अगस्त को गिरफ्तार करने के बाद 3 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में रिमांड लिया था। पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीनदयाल मोलपुरिया (46) निवासी सरदारशहर, चुरू के रूप में हुई है। एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी पर अभ्यर्थी को मेवाड़ यूनिवर्सिटी, गंगरार, चित्तौड़गढ़ से फर्जी एमए (हिंदी) की मार्कशीट और डिग्री उपलब्ध करवाने में सहयोग करने का आरोप है। पात्रता जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की प्राध्यापक-हिंदी (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में पात्रता जांच के दौरान अभ्यर्थी ब्रह्मा कुमारी पुत्री बाबूलाल विश्नोई ने आयोग के सामने फर्जी एमए की डिग्री प्रस्तुत की थी। यह डिग्री अभ्यर्थी ने मेवाड़ यूनिवर्सिटी, गंगरार, चित्तौड़गढ़ से बनवाई थी। आरपीएससी अजमेर की ओर से डिग्री का वैरिफिकेशन कराया गया। वैरिफिकेशन में सामने आया कि प्रस्तुत की गई एमए हिंदी की डिग्री मेवाड़ यूनिवर्सिटी, गंगरार, चित्तौड़गढ़ द्वारा जारी नहीं की गई थी। इसके बाद मामले में फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर नियुक्ति प्राप्त करने की कोशिश का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस थाना सिविल लाइंस, अजमेर में 20 मार्च 2024 को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू की। जांच में दीनदयाल की भूमिका हुई उजागर जांच में सामने आया कि दीनदयाल ने ही अभ्यर्थी ब्रह्मा कुमारी के लिए मेवाड़ यूनिवर्सिटी से फर्जी एमए हिंदी की मार्कशीट और डिग्री जारी करवाने की व्यवस्था करवाई थी। पुलिस जांच में दीनदयाल की भूमिका को प्रमाणित पाए जाने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के अनुसार बाद में यह फर्जी मार्कशीट और डिग्री बाबूलाल पटेल के माध्यम से ब्रह्मा कुमारी को उपलब्ध करवाई गई। एसओजी के अनुसार वांछित आरोपियों की लगातार तलाश के दौरान आरोपी दीनदयाल मोलपुरिया पुत्र जगदीश प्रसाद मोलपुरिया को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 3 सितंबर 2026 तक पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त हुआ। एसओजी आरोपी से फर्जी डिग्री तैयार करवाने और पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही है। ब्रह्मा कुमारी समेत 16 आरोपी गिरफ्तार एसओजी के मुताबिक इस प्रकरण में फर्जी डिग्री प्राप्त करने वाली अभ्यर्थी ब्रह्मा कुमारी समेत कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और फर्जी डिग्री तैयार करने से जुड़े नेटवर्क की भी जांच जारी है। एसओजी अब आरोपी से फर्जी डिग्री तैयार करवाने वाले नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और इस फर्जीवाड़े से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।