बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण राजस्थान के जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, झालावाड़, भरतपुर सहित कई जिलों में शुक्रवार को बारिश हुई। जयपुर में सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर चल रहा है। झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शनिवार (5 सितंबर) को 1 से 12वीं तक के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्‌टी रहेगी। सवाई माधोपुर में शहर के कई इलाकों की सड़कें डूब गईं। रणथंभौर में शेरपुर-खिलचीपुर की रपट पर पानी आने से सुबह रास्ता बंद हो गया। खंडार में जलभराव की स्थिति से लोग घरों में फंस गए। भरतपुर जिले के डुमरिया गांव में बिजली गिरने से नाबालिग की मौत हो गई। उसके भाई सहित 2 लोग झुलस गए। वहीं, झालावाड़ में तीन घंटे लगातार बारिश के बाद कालीसिंध, छापी बांध के कुल 5 गेट खोले गए। बारां में सिरसा नदी उफान पर आ गई है। कोटपूतली में तेज बारिश से कई इलाकों में सड़कें लबालब हो गईं। मौसम विभाग के अनुसार नए सिस्टम के कारण बारिश का दौर 6 सितंबर तक जारी रह सकता है। राजस्थान में बारिश की PHOTOS मानसून के बड़े अपडेट्स 24 घंटे में कहां सबसे ज्यादा बारिश: गुरुवार को भरतपुर, अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली में तेज बरसात हुई। सबसे ज्यादा पानी भरतपुर के उच्चैन में 54MM बरसा। इसके अलावा बूंदी, बारां, कोटा, दौसा, जयपुर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। नए सिस्टम के कारण तेज बारिश की संभावना: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- नए सिस्टम के असर से राजस्थान में आज भी भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। मौसम बदलने से पारा 6 डिग्री तक गिरा: बादल छाने और बारिश होने के कारण तापमान में बड़ी गिरावट हुई। अलवर, भीलवाड़ा, कोटा, करौली में अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सबसे कम अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस कोटा में दर्ज हुआ। जबकि सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…