राजगढ़ नगर पालिका चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को दावेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। शनिवार को कुल 98 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके साथ ही अब तक 122 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीणा के समक्ष शनिवार को प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इनमें वार्ड नंबर 10 में सर्वाधिक 10 नामांकन दाखिल हुए। वहीं वार्ड नंबर 3, 8 और 14 में शनिवार को एक भी नामांकन नहीं हुआ। नामांकन प्रक्रिया के दौरान देर रात तक निर्वाचन कार्यालय में दावेदारों की भीड़ बनी रही। कई उम्मीदवार रसीद कटवाने और दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कार्यालय पहुंचे। 600 आवेदन पत्र जारी, 250 की रसीद कटी निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक करीब 600 आवेदन पत्र जारी किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 250 प्रत्याशियों की रसीदें काटी जा चुकी हैं। ऐसे में अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है। भाजपा-कांग्रेस की सूची का इंतजार राजगढ़ नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। इसके चलते टिकट के दावेदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और राजनीतिक गलियारों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। रविवार को कार्यालय खुलेगा, नामांकन नहीं होंगे रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीणा ने बताया कि रविवार 30 अगस्त को निर्वाचन कार्यालय खुला रहेगा, लेकिन इस दिन नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाएंगे। दावेदार इस दौरान आवेदन पत्रों की जांच, शुल्क की रसीद कटवाने और नामांकन से जुड़े अन्य कार्य पूरे कर सकेंगे। निर्वाचन कार्यालय में उम्मीदवारों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।