चूरू के रतनगढ़ में मेगा हाइवे पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 50 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के डायमंड और 62 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक कार सवार दो लोग डायमंड से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने नकदी, डायमंड और कार को आदर्श आचार संहिता के तहत जब्त कर लिया। कार्रवाई मालासर टोल के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी रतनगढ़ थानाधिकारी संदीप विश्नोई ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग कार से कीमती सामान लेकर सरदारशहर की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मालासर टोल के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कार रोककर ली तलाशी नाकाबंदी के दौरान सामने से आ रही एक कार को पुलिस ने रुकवाया। कार में दो लोग सवार थे। पुलिस ने दोनों से कार और उसमें रखे सामान के बारे में पूछताछ की, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। शक होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। बैग में मिले नकदी और डायमंड तलाशी के दौरान कार के अंदर एक बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें 62 हजार रुपए नकद और डायमंड जैसी कीमती चीजें मिलीं। पुलिस ने जब कार सवारों से डायमंड से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। 50 लाख से ज्यादा बताई कीमत पूछताछ में कार सवारों ने डायमंड की कीमत 50 लाख रुपए से ज्यादा बताई। पुलिस ने नकदी और डायमंड को जब्त कर लिया। साथ ही जिस कार से यह सामान ले जाया जा रहा था, उसे भी कार्रवाई में शामिल किया गया। दोनों कार सवार जयपुर के रहने वाले पुलिस के अनुसार कार चालक की पहचान अक्षय पांचोला (38), निवासी चांदपोल, जयपुर और दूसरे व्यक्ति की पहचान मनीष पटेल (47), निवासी राजा पार्क, जयपुर के रूप में हुई है। BNSS की धारा 106 के तहत कार्रवाई थानाधिकारी संदीप विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत नकदी, डायमंड और कार को जब्त किया है। कार्रवाई की सूचना कोर्ट को भी भेज दी गई है। पुलिस अब जब्त किए गए डायमंड और नकदी से जुड़े दस्तावेजों और उनके स्रोत की जांच कर रही है