सलूम्बर जिले में नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। युवाओं और आम लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को शहर के शिक्षण संस्थानों में कई कार्यक्रम हुए। इनमें रैली, मतदाता शपथ, निबंध प्रतियोगिता और जागरूकता व्याख्यान शामिल थे। ताहेरिया उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसके तहत विद्यार्थियों ने एक जागरूकता रैली निकाली। हाथों में पोस्टर लेकर मतदान की अपील विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहसिन अहमद, ईएलसी प्रभारी वर्षा सोनी, प्रतिभा पूर्विया, ज्योति व्यास और अन्य स्टाफ के मार्गदर्शन में यह रैली निकली। यह स्थानीय क्षेत्र से होते हुए बस स्टैंड मुख्य मार्ग तक पहुंची। विद्यार्थियों ने हाथों में पोस्टर लेकर लोगों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। रैली वापस विद्यालय परिसर पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को मतदान का महत्व समझाया गया। उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा गया। इसी कार्यक्रम के तहत विद्यालय में 'मतदान का महत्व' विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी हुई। विद्यार्थियों ने अपने विचारों से लोकतंत्र में मतदान की भूमिका और एक-एक वोट का महत्व बताया। इस प्रतियोगिता में मोहम्मद उदयपुर ने पहला, बुरहानुद्दीन लोखण्ड ने दूसरा और अरीफा खंडेल व सकीना अंजुम ने तीसरा स्थान हासिल किया। ये रहे मौजूद राजकीय हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सलूम्बर में भी मतदाता जागरूकता व्याख्यान हुआ। प्राचार्य डॉ. मुकेश चौहान, उप प्राचार्य राकेश कुमार डबगर, ईएलसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह पंवार और ईएलसी सदस्य सर्वेश जैन के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका और जिम्मेदार मतदाता के कर्तव्यों के बारे में बताया गया। व्याख्यान के दौरान युवाओं को ECINet ऐप और नए मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से खुद मतदान करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।