अब 16 जिलों में ही औसत से 20% कम बारिश बीते दो दिन में पूर्वी राजस्थान में हुई मूसलाधार बारिश ने सीजन की बारिश का आंकड़ा बदल दिया। 4 सितंबर तक प्रदेश के 22 जिलों में औसत से 20% से कम बारिश हुई थी और ये जिले सूखे की चपेट में थे। मानसून के चौथे चरण में बने मजबूत सिस्टम से सवाई माधोपुर, बारां, झालावाड़, धौलपुर, दौसा, करौली और जयपुर सहित पूर्वी राजस्थान में जमकर बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के बाद अब केवल 16 जिलों में ही औसत से 20% से कम बारिश रह गई है। अगले 24 घंटे भी सिस्टम सक्रिय रहेगा और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। बंध बारैठा के 2 और पार्वती बांध के 2 गेट खोले गए लगातार भारी बारिश से भरतपुर, धौलपुर और सवाई माधोपुर सहित पूर्वी राजस्थान में कई बांध छलक गए। भरतपुर में बंध बारैठा के 2 और धौलपुर में पार्वती बांध के 2 गेट खोले गए। धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध भी छलक गया। सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। प्रदेश में इस सीजन अब तक 62 बांध छलक चुके हैं। भीलवाड़ा में अच्छी बारिश के बाद बीसलपुर बांध में भी आवक हुई और जलस्तर 314.10 आरएल मीटर पहुंच गया। भरतपुर-जयपुर संभाग में आज भी भारी बारिश वेल मार्क लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और दक्षिण-पश्चिमी उत्तरप्रदेश के ऊपर स्थित है। मानसून ट्रफ लाइन भी श्रीगंगानगर से होकर गुजर रही है। पिछले 24 घंटे में सवाई माधोपुर, बारां, दौसा, धौलपुर, झालावाड़ और करौली में 4 से 5 इंच तक बारिश हुई। सर्वाधिक 131 मिमी बारिश सवाई माधोपुर के तलवाड़ा में हुई। 6 सितंबर को भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सर्वाधिक बारिश डीग, भरतपुर, धौलपुर में प्रदेश में औसत बारिश 381.82 मिमी के मुकाबले 307.26 मिमी हुई है। यह औसत से 19.53% कम है। पिछले 24 घंटे में सवाई माधोपुर के तलवाड़ा में 131 मिमी, धौलपुर के सेपऊ में 107, करौली के सपोटरा में 101 मिमी बारिश हुई।