जिले के प्रभारी सचिव हरि मोहन मीणा गुरुवार को शाहाबाद दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव मीणा ने सबसे पहले समरानियां के उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सा प्रभारी को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बालाचार चौकी प्लांटेशन साइट पर पहुंचकर पौधरोपण किया। उन्होंने वन विभाग द्वारा किए जा रहे पौधरोपण कार्यों की सराहना की और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। दौरे के क्रम में प्रभारी सचिव ने शाहपुरा के आंगनबाड़ी केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण, रिकॉर्ड संधारण और भवन की स्थिति का जायजा लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएफओ बड़े विवेकानंद माणिकराव और उपखंड अधिकारी सुनील झंगोनिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।