सीकर में रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने जिले में अगले 2 दिन हल्की बारिश की संभावना जताई है। जिले में पिछले 2 सप्ताह से बारिश नहीं हुई है। इस सीजन में अब तक औसत से 7 प्रतिशत कम बरसात दर्ज की गई है। जिले में आज सुबह से तेज धूप है और आसमान साफ है। पिछले 48 घंटे से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं अधिकतम तापमान में तेजी आई है। जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सुबह का न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे में सीकर में दिन-रात के तापमान में बदलाव देखने को मिला है। बारिश की संभावना नहीं जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आज सीकर समेत दक्षिणी-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। आमजन अभी उमस और गर्मी से परेशान हैं। इस बार सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक औसत बारिश भी नहीं हुई है। राजस्थान में मानसून की छितराई बारिश होने से उमस‌ और गर्मी‌ का मौसम है। मानसूनी एयर सिस्टम का प्रेशर बार-बार बदलने की वजह से अभी तक अच्छी बारिश देखने को नहीं मिली।