एक बैंक खाते की जांच सोमवार को होगी 3 लाख की रिश्वतकांड में पकड़े गए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जॉइंट डायरेक्टर जयप्रकाश चारण के बैंक लॉकर की तलाशी में 1.50 करोड़ कीमत के सोना व चांदी के आभूषण मिले है। साथ ही आरोपी और उनके परिवारजनों के 9 बैंक खाते मिले हैं, जिनमें 6426780 रुपए का बैलेंस मिला है। एक बैंक खाते की सोमवार को जांच होगी। एसीबी के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी और परिजनों ने बैंक लॉकर की जानकारी छिपाई थी। लेकिन एसीबी टीम ने गोपनीय तरीके से बैंक लॉकर की जानकारी जुटा ली थी। शनिवार को लॉकर की जांच कराई तो उसमें करीब 945 ग्राम सोना व 1 किलो चांदी मिली है। जिसकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए है। जयप्रकाश खुद व परिजनों के 9 बैंक खाते मिले हैं, जिनमें 64,26,780 रुपए जमा है। एक बैंक खाते की जांच बाकी चल रही हैं, जो सोमवार को होगी। ऐसे में ट्रैप केस अलावा आय से अधिक संपति केस भी बनेगा। आरोपी के पास मिले पैसे, गहने और प्रॉपर्टी की जांच के बाद तय होगा। गौरतलब हैं कि जॉइंट डायरेक्टर जयप्रकाश ने एनजीओ के बिल पास करने की एवज में दो संचालकों से 20% कमिशन के रूप में 5 लाख की रिश्वत मांगी थी।