राजियासर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरदासवाली के चक एक बीपीसीएम में बुधवार को ट्यूबवेल के कच्चे कुएं में मिट्टी धंसने से एक किसान की मौत हो गई। किसान कुएं में मरम्मत कार्य के लिए उतरा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंसने से वह उसके नीचे दब गया। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और प्रशासन ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। आठ जेसीबी की मदद से किसान को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान राम सिंह (39) पुत्र मंदर सिंह, मजबी सिख के रूप में हुई है। वह सदर थाना क्षेत्र के गांव पालीवाला का निवासी था और वर्तमान में चक एक बीपीसीएम में रहकर खेती-बाड़ी कर रहा था। राजियासर थाना के कांस्टेबल कुलबीर सिंह ने बताया कि राम सिंह के खेत में ट्यूबवेल के लिए कच्चा कुआं खुदा हुआ था। बुधवार दोपहर वह कुएं में उतरकर उसमें मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक कच्ची मिट्टी भरभराकर नीचे आ गिरी और वह उसमें दब गया। मिट्टी दरकने की आवाज सुनकर उन्होंने शोर मचाया तो आसपास खेतों के किसान तत्काल मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद राम सिंह को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था।