35 वार्डों में अपनों से ही मुकाबले का खतरा; भाजपा में संघ-संगठन और कांग्रेस में विधायक-जिलाध्यक्ष मनुहार कर रहे नगर निगम चुनाव टिकट वितरण के बाद ‘मनुहार’ तक पहुंच गया है। बुधवार को 74 िनर्दलीयों ने नाम वापस लिए, लेकिन भाजपा और कांग्रेस को राहत नहीं मिली। दोनों पार्टियां 35 वार्डों में अपनों से ही घिरी हुई हैं। गुरुवार को नामांकन का अंतिम दिन है और दोनों के सामने बागियों को बैठाने की चुनौती है। इसके लिए कहीं चाय का प्याला सियासी पुल बन रहा है तो कहीं प्रत्याशी खुद घर पहुंचकर समझा रहे हैं। भाजपा में संगठन के साथ संघ परिवार सक्रिय है तो कांग्रेस में जिलाध्यक्ष और विधायक मोर्चे पर हैं। बुधवार को दिनभर संगठन, विधायक और जिलाध्यक्ष बागियों के फोन घुमाते रहे, लेकिन अधिकतर आउट ऑफ कवरेज एरिया हैं। कुछ ने घर भी छोड़ दिया है। किसी ने साफ कह दिया कि अब फैसला चुनाव मैदान में ही होगा। आप नहीं आ रहे तो हमें चाय पर बुला लो... पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल के सामने भाजपा की बागी बीना मेठी मैदान में है। उन्हें मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ज्योति के पति शरद खंडेलवाल ने बीना को फोन करके मनाने की कोशिश की। शरद ने कहा कि या तो आप चाय पीने आ जाइए या हमें चाय पर बुला लीजिए...। यहां भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय तीनों खंडेलवाल समाज से हैं। मोहित टेलर को मनाने प्रत्याशी व संघ जुटा वार्ड-53 से निर्दलीय मोहित टेलर की बगावत भाजपा में चर्चा में है। सूची में नाम होने के बावजूद सिंबल सतीश जैपुरिया को दिया गया। मोहित को मनाने जैपुरिया खुद उनके पास पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी। मोहित ने निर्दलीय चुनाव का ऐलान कर दिया। बुधवार को संघ और पदाधिकारिय के फोन मोहित के पास आते रहे। दो वार्डों से पर्चा भर कर गायब हुए अख्तर अख्तर हुसैन ने पत्नी समेत 2 वार्डों से निर्दलीय पर्चा दाखिल कर दिया। अख्तर ने 135 और उनकी पत्नी व निवर्तमान पार्षद मौजमा बानो 133 से कांग्रेस के बागी हैं। बड़े नेता व जिलाध्यक्ष फोन लगा रहे हैं, लेकिन अख्तर गायब हैं। कार्यालय खोलने से पहले निर्दलीयों के घर पहुंची योगिता वार्ड-67 में कांग्रेस के दिवंगत नेता पंकज काकू की पत्नी योगिता शर्मा काकू मैदान में हैं। चुनाव कार्यालय खोलने से पहले वे बागियों को मनाने पहुंची। एक-एक निर्दलीय को पंकज काकू की कसम डलवा रही हैं। उनके वार्ड में 10 निर्दलीय हैं, जो सभी कांग्रेस विचारधारा के हैं। विद्याधर नगर में बागियों ने फोन स्विच ऑफ किया वार्ड-15 में भाजपा के बागी पंकज गोयल और 16 के बागी पूर्व पार्षद दिनेश कांवट के फोन स्विच आॅफ हैं। संघ परिवार व संगठन के कई नेता परिचितों से उनकी जानकारी जुटाने में लगे हैं। वार्ड-16 के महिपाल सिंह करीरी को भी मनाने के प्रयास दो दिन से चल रहे हैं। शहजाद नबी ने बनाई कांग्रेस से दूरी वार्ड-109 में पांच बार के पार्षद व कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी के बेटे शहजाद नबी ने ताल ठोक रखी है। विधायक अमीन कागजी व जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा से भी नहीं मान रहे हैं। शहजाद साफ कह रहे हैं कि चुनाव बाद ही मिलेंगे।