सोमेसर कस्बे के निम्बाड़ा गांव की एक ढाणी में शुक्रवार देर रात एक अज्ञात चोर ने घर में सो रही बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। चोर ने महिला की नाक में पहनी करीब 10 ग्राम वजनी सोने की नथ जबरन खींच ली और फरार हो गया। नथ खींचने से महिला की नाक से खून निकलने लगा और तेज दर्द के कारण वह चीख पड़ी। नाक में पहना सोने का गहना खींचा खोड़ चौकी प्रभारी राजूराम देवासी ने बताया- सुकी देवी (68) पत्नी पुनाराम शुक्रवार रात करीब एक बजे अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गया। चोर ने महिला की नाक में पहनी सोने की नथ (वाळी) जबरन खींच ली। अचानक हुए तेज दर्द से महिला की नींद खुल गई और वह जोर से चिल्लाने लगी। चोर मौके से फरार महिला की आवाज सुनकर घर के दूसरे सदस्य और आसपास के लोग जाग गए। लेकिन तब तक चोर दरवाजे की कुंडी खोलकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग चुका था। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने चोर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम शनिवार को मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला का मेडिकल इलाज करवाया और मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी गई है।