श्रीगंगानगर में नगर निकाय चुनाव में हथियारों के साथ एक निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन करने के मामले में बाप-बेटे और अन्य आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज हुआ है। आरोपियों पर हथियारों के साथ जनसंपर्क करने के आरोप लगे हैं। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। कॉन्स्टेबल रघुवीर ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि दो-तीन दिन पहले आरोपी सुनील शर्मा (पहलवान) द्वारा एक समर्थक के समर्थन में हथियारों के साथ जनसंपर्क करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया हुआ था। इसके बाद वीडियो की जांच की गई तो पता चला कि यह वीडियो आरोपी सुनील पहलवान निवासी वार्ड-39 (श्रीगंगानगर) का है, जिसने वार्ड 39 में एक निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी के वार्ड में हथियारों के साथ जनसंपर्क किया था। आरोपी ने अपना लाइसेंसी 45 बोर पिस्टल कवर से बाहर निकाला था और समर्थकों के साथ गली में घूम रहा था। सुनील के साथ उसका लड़का श्रवण भी था। इसके पास लाइसेंसी 45 बोर पिस्टल था। इनके साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे जिनके पास हथियार थे, लेकिन उन हथियारों की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। सभी आरोपी हथियारों का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन कर रहे थे। जो नियमों का उल्लंघन है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर विजय सिंह कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे मामलों में लाइसेंस शर्तों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।