श्रीगंगानगर नगर निकाय चुनाव में इस बार बड़े राजनीतिक दलों ने अनुभवी चेहरों के साथ सबसे चर्चित Gen-Z पीढ़ी को भी टिकट थमाया है। 1997 से 2012 के बीच जन्म लेने वालों को जेन-ज़ी कहा जाता है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए उम्र का बैलेंस बनाने की कोशिश की है। दोनों पार्टियों ने कुल 20 युवा चेहरे चुनाव मैदान में उतारे हैं। कांग्रेस ने 30 साल से कम उम्र के 9 युवा उम्मीदवारों को मौका दिया है, जबकि भाजपा ने 10 जेन-ज़ी प्रत्याशियों को टिकट दिया है। सबसे कम उम्र के उम्मीदवार भाजपा के वार्ड 14 से प्रत्याशी प्रथम गंभीर हैं, जिनकी उम्र सिर्फ 24 साल है। वहीं सबसे बुजुर्ग चेहरा वार्ड 15 से कांग्रेस के प्रत्याशी कृष्णलाल हैं, जिनकी उम्र 70 साल है। कांग्रेस के 7 और भाजपा के 9 बुजुर्ग प्रत्याशी भी मैदान में हैं। दोनों पार्टियों से सबसे ज्यादा 40 से 60 साल की उम्र वाले 60 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। 60 साल से ऊपर के कुल 10 प्रत्याशी हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में 25 से 30 साल के युवाओं की संख्या ज्यादा है। दोनों पार्टियों ने युवा जोश और अनुभव का मिश्रण तैयार करने की रणनीति अपनाई है, जिससे चुनाव में नई पीढ़ी की भागीदारी साफ नजर आ रही है।