श्रीगंगानगर में एक इलेक्ट्रीशियन से साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने इलेक्ट्रीशियन के दो बैंक अकाउंट से सवा लाख से ज्यादा रुपए निकाल लिए। मामला जिले के जवाहरनगर थाना क्षेत्र का है। प्राइवेट नौकरी करता है पीड़ित पुलिस को दी रिपोर्ट में शिकायतकर्ता रविन्द्र शर्मा (42) निवासी अशोक नगर बी ने बताया कि वे मैक्स कंपनी में प्राइवेट नौकरी करते हैं और साथ में इलेक्ट्रीशियन का काम भी करते हैं। राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक अकाउंट में कंपनी से वेतन आता है, जबकि इलेक्ट्रीशियन के काम से मिलने वाले पैसे पीएनबी ब्रांच, मीरा चौक वाले अकाउंट में जमा होते हैं। अकाउंट में बचे सिर्फ 6 रुपए 1 सितंबर को पीएनबी अकाउंट में 35,630 रुपए जमा होने का मैसेज आया। जिसके बाद उसने (रविन्द्र) ने बैंक जाकर पूछा कि ये पैसे कहां से आए, लेकिन बैंक अधिकारियों ने जानकारी देने से मना कर दिया। इसके बाद वे मरुधरा ग्रामीण बैंक गए। वहां पता चला कि उनके अकाउंट में सिर्फ 6 रुपए बचे हैं, जबकि पहले 1,34,753 रुपए थे। बैंक स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि 30 अगस्त को मरुधरा ग्रामीण बैंक के अकाउंट से 99,123 रुपए और एक सितंबर को पीएनबी अकाउंट से 35,630 रुपए निकाले गए। तब रविन्द्र ने बैंक अधिकारियों को बताया कि उन्होंने ये पैसे खुद नहीं निकले। धोखाधड़ी का मामल दर्ज इसके बाद रवींद्र ने साइबर क्राइम नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। जयपुर साइबर क्राइम से कॉल आकर बताया गया कि मुकदमा जवाहर नगर थाने में भेज दिया गया है। फिलहाल जवाहर नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।