खैरथल-तिजारा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को टपूकड़ा और भिवाड़ी में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने टपूकड़ा स्थित श्री हरि स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से बर्फी और मावा मिठाई के सैंपल लिए गए। इसके अलावा भिवाड़ी के जेनेसिस मॉल स्थित स्काई रेस्टोरेंट एंड बार से पनीर का सैंपल लिया गया। रेस्टोरेंट में मिली साफ-सफाई की कमी निरीक्षण के दौरान स्काई रेस्टोरेंट एंड बार में साफ-सफाई की कमी पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही रेस्टोरेंट संचालक को चेतावनी दी। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने और प्रतिष्ठान में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई टीम ने लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी मौजूद रहे।