सवाई माधोपुर| नगर विकास न्यास सवाई माधोपुर ने जीनापुर रोड पर ग्राम आलनपुर में न्यास की भूमि, खसरा नम्बर 2516, पर अवैध रूप से बनाई गई सीसी सड़क को जेसीबी द्वारा ध्वस्त करने की कार्रवाई की है। नगर विकास न्यास के सचिव मोहित कासनिया ने बताया कि कुछ अतिक्रमियों द्वारा उक्त भूमि पर सड़क निर्माण कर अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इस पर न्यास ने अपनी भूमि पर अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई की है। न्यास क्षेत्र में कृषि भूमि पर बिना सम्परिवर्तन भू-खण्ड बेचने वाले खातेदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर विकास न्यास द्वारा अवैध कॉलोनियों के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि बिना सम्परिवर्तन और बिना लेआउट अनुमोदन वाली अवैध कॉलोनियों में भू-खण्ड न खरीदें।