धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के एनक्लोजर में पिछले 15 महीने से बंद बाघ-2509 को अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क लाया जाएगा। चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन से अनुमति मिल चुकी है और अब वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से तारीख मिलते ही शिफ्ट कर दिया जाएगा। बायोलॉजिकल पार्क में महक बाघिन के पास के एनक्लोजर में इसे एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट करने की तैयारी है। बाघ-2509 मुकंदरा टाइगर रिजर्व की बाघिन कनकटी का भाई है। स्टाफ ने बाघ को लाने के लिए एनक्लोजर की व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम कर लिए हैं। उल्लेखनीय है कि यह खूंखार बाघ है। इसने रणथंभौर में जोन नंबर तीन पर रेंजर पर हमला और एक बालक को मौत के घाट उतार दिया था। मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के सीएफ एवं फील्ड डायरेक्टर डॉ. टी मोहनराज ने बताया कि चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन से बाघ शिफ्टिंग की परमिशन मिल चुकी है। धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के डीसीएफ संजीव शर्मा ने बताया कि वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट इंडिया को इसके रिलीज करने को लेकर पत्र लिख दिया है। तिथि का इंतजार है। एक सप्ताह में अभेड़ा में शिफ्टिंग होने की संभावना है।