पैतृक जमीन बेचने को लेकर पिता से विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से उनकी हत्या कर दी और छत से गिरने की झूठी कहानी रच दी। श्मशान घाट पर पिता के सिर, कान के पीछे, कान और हाथ की अंगुली पर गहरे घाव देखकर परिजनों को शक हुआ। अंतिम संस्कार रुकवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पूछताछ में आरोपी कांतिलाल ने हत्या कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की। डैयाना निवासी मृतक की पुत्री कल्पना यादव ने 28 अगस्त को रिपोर्ट दी। बताया कि पिता गौतम पुत्र नाथू यादव बेटे कांतिलाल के साथ गोवाड़ी में रहते थे। 27 अगस्त की रात कांतिलाल ने परिजनों को बताया कि गौतम छत से गिर गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। वहां चोटों के निशान देखकर शक हुआ और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कांतिलाल को डिटेन कर पूछताछ की तो वह छत से गिरने की बात दोहराता रहा। सख्ती से पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी से पिता की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार पैतृक जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र में आए दिन विवाद होता था।