टोंक जिले में दूसरे चरण के नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। टोंक नगर परिषद सहित मालपुरा, डिग्गी, लांबाहरिसिंह और टोडारायसिंह नगरपालिका में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह दस बजे तक पांचों नगर निकायों में 24.55 प्रतिशत मतदान हो गया है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 271 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 1 हजार 84 सक्रिय मतदान कार्मिक तैनात किए गए हैं, जबकि 256 कार्मिक रिजर्व में रखे गए हैं। इन 5 निकायों में कुल 180 वार्ड हैं और 2 लाख 32 हजार 566 मतदाता हैं। इनमें से 178 वार्डों में मतदान हो रहा है, जहां 630 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा। दो वार्डों में मतदान नहीं होगा टोडारायसिंह के वार्ड 23 में कांग्रेस के प्रत्याशी ने नामांकन वापस ले लिया था। ऐसे में यहां से भाजपा के पूर्व चेयरमैन संत कुमार जैन निर्विरोध पार्षद चुन लिए गए हैं। वहीं टोंक नगर परिषद के वार्ड 2 के मतदाताओं ने परिसीमन के तहत टोंक नगर परिषद में शामिल किए जाने के विरोध में मतदान का बहिष्कार कर रखा है। इसके चलते यहां कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है।