एशियन गेम्स के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम की कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ लिस्ट में त्रिसा-जॉली और गायत्री गोपीचंद के कोच बी. सुमित रेड्डी का नाम शामिल नहीं है। त्रिसा-गायत्री ने अगस्त में नई दिल्ली में हुई वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को 15 साल बाद विमेंस डबल्स में मेडल दिलाया था। भारत के 503 खिलाड़ियों के साथ 246 कोच और सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी है। एशियन गेम्स 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में शुरू होंगे। भारत 36 खेलों में हिस्सा लेगा। इस बार भारतीय दल में कुल 503 खिलाड़ी और 246 कोच-सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। मार्च 2025 से जोड़ी के साथ काम कर रहे सुमित पूर्व ओलिंपियन बी. सुमित रेड्डी हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद अकादमी में दोनों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। सुमित वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी त्रिसा-गायत्री के साथ रहे हैं। पूर्व ओलिंपियन बी. सुमित रेड्डी ने मार्च 2025 में प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास लिया था। सुमित की गैरमौजूदगी में गोपीचंद संभालेंगे जिम्मेदारी सुमित रेड्डी की गैरमौजूदगी में चीफ कोच पुलेला गोपीचंद जोड़ी के साथ मौजूद रहेंगे। सपोर्ट स्टाफ की संख्या और एक्रेडिटेशन से जुड़े नियमों के कारण सभी निजी या डेडिकेटेड कोचों को टीम में जगह मिलना संभव नहीं हुआ है। हालांकि, सुमित की गैरमौजूदगी इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि वह पिछले करीब डेढ़ साल से त्रिसा-गायत्री के साथ लगातार काम कर रहे हैं और वर्ल्ड चैंपियनशिप में उनके ऐतिहासिक मेडल के दौरान भी कोचिंग टीम का हिस्सा थे। त्रिसा-गायत्री के चयन पर भी उठे थे सवाल एशियन गेम्स के लिए त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद के चयन पर पहले भी सवाल उठे थे। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने अपने चयन मानदंड के आधार पर प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा के नाम सुझाए थे। हालांकि, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) ने त्रिसा-गायत्री के चयन का बचाव उनकी बेहतर वर्ल्ड रैंकिंग और हालिया अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के आधार पर किया था। WFI ने विदेशी कोचों पर बदला फैसला इसी बीच, भारतीय कुश्ती टीम के साथ विदेशी कोच भेजने को लेकर WFI ने अपना फैसला बदल दिया है। SAI की फटकार के बाद WFI तीनों विदेशी कोचों को एशियन गेम्स में टीम के साथ भेजने पर राजी हो गया है। यह मामला तब सामने आया जब एशियन गेम्स के लिए कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ की अंतिम सूची तैयार की जा रही थी। बैडमिंटन में सुमित रेड्डी का नाम बाहर होने और कुश्ती में विदेशी कोचों को लेकर हुए विवाद ने टीमों के सपोर्ट स्टाफ चयन पर सवाल खड़े किए हैं। ------------------------------------------ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… मंधाना विमेंस इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर:मिताली का रिकॉर्ड तोड़ा, सबसे ज्यादा शतक भी लगाए; दीप्ति टॉप विकेट टेकर भारत ने विमेंस एशिया कप में हॉन्गकॉन्ग को 137 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार रात खेले गए मैच में भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने 124 रन की शतकीय पारी खेली। पूरी खबर