उदयपुर की अंबामाता थाना पुलिस ने रेंटल आफिस से कार किराए पर लेकर भागने वाले तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट से गिरफ्तार किया। थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि मामले में नॉर्थ वेस्ट दिल्ली निवासी करणसिंह, पंजाब के मोहाली निवासी हरप्रीत सिंह और जालंधर निवासी करणवीर को गिरफ्तार किया। तीनों कार चोरी के मामले में ही उदयपुर जेल में बंद थे। इनसे चोरी की कार बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के बाद भागते हुए कार का जीपीएस डिवाइस निकालकर फेंक दिया था। फिर नेकड़िया में टोल नाके को तोड़ते हुए भाग गए थे। स्कॉर्पियो खराब हुई तो रास्ते में थार मंगाई जानकारी अनुसार बाड़मेर हाल गणेश नगर निवासी कुलदीप सिंह राठौड़ ने गत 31 अगस्त को रिपोर्ट दी थी। बताया कि न्यू आरटीओ रोड पर उनका कार रेंटल आफिस है। 15 अगस्त को करण सिंह, करणवीर और हरप्रीत सिंह उनसे स्कॉर्पियो कार किराए पर लेकर गए। कुछ देर बाद करण ने स्टाफ लोकेश को फोन कर कार खराब होना बताते हुए दूसरी कार लेकर रानी रोड़ बुलाया। उन्होंने लोकेश के साथ थार कार भेजी। वहां तीनों बदमाशों ने स्कॉर्पियो दे दी और ट्रायल के बहाने थार कार लेकर भाग गए। बदमाशों ने कार में लगा जीपीएस डिवाइस तोड़ दिया। इसी मामले में यह गिरफ्तारी की गई है। पुलिस इनसे पूछताछ करते हुए आगे मामले की जांच में जुटी है।