उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक युवक के मकान पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर और दो उसके साथी शामिल हैं। साथ ही पुलिस ने एक नाबालिग को भी डिटेन किया है। आरोपी भीलवाड़ा और डबोक में छिपे थे। वहां से लाते समय हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों ने रास्ते में टॉयलेट के बहाने भागने का प्रयास किया। इस दौरान गड्ढे में गिरने से तीनों के पैर टूट गए। इन्हें पकड़ने के दौरान कॉन्स्टेबल फिरोज की नाक पर भी चोट आई। एएसपी उमेश ओझा ने बताया कि अंबामाता के धोली मगरी निवासी हिस्ट्रीशीटर इस्माइल उर्फ बड़ा मेवाती उर्फ मन्नू की मल्लातलाई के गरीब ​नवाज कॉलोनी निवासी आसिफ व अरबाज खान से वर्चस्व को लेकर लंबे समय से रंजिश है। मकान पर बीयर की बोतलें फेंकी थी गुरुवार रात 1:15 बजे बड़ा मेवाती अपने साथी धोली मगरी निवासी समीर मेवाती उर्फ बिट्टू, गरीब नवाज कॉलोनी निवासी ताज मोहम्मद उर्फ शेरा और एक नाबालिग को लेकर आरिफ और अरबाज के घर के बाहर पहुंचा। मकान पर बीयर की बोतलें फेंकी। इसके बाद गेट पर फायरिंग करके सभी भाग गए। कुछ महीने पहले अरबाज ने बड़ा मेवाती को धमकी दी थी अरबाज और बड़ा मेवाती एक ही इलाके में रहते हैं। दोनों में वर्चस्व की रंजिश है। मेवाती हिस्ट्रीशीटर इमरान कूंजड़ा गिरोह का सदस्य है। कुछ माह पहले बड़ा मेवाती ने अरबाज को बाइक से कट मारकर धमकाया था। मोहल्ला छोड़कर चले जाने की धमकी दी। इसलिए तीन माह पहले अरबाज खान पिस्टल लेकर बड़ा मेवाती को धमकाने उसके घर गया था। वहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया था। इसके बाद से बड़ा मेवाती उससे बदला लेने की फिराक में था। अरबाज को भी इस बारे में पता था। ऐसे में वह आरिफ को बॉडीगार्ड के रूप में साथ रखता था। आरिफ जिम में प्रोटीन बेचने का काम करता है। इन्हें डराने धमकाने के लिए हिस्ट्रीशीटर ने फायरिंग कर दी।