उदयपुर शहर की पिछोला झील में डूबे युवक के शव को सिविल डिफेंस की टीम ने मंगलवार को निकाल लिया। टीम ने घंटाघर थाना पुलिस को शव सुपुर्द किया। शव को एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास पुलिस कर रही है। बता दें कि सोमवार रात को एक व्यक्ति ने मृतक को गणगौर ​घाट स्थित दाई की पुलिया के पास डूबते हुए देखा था। इसके बाद तुरंत सिविल डिफेंस को सूचना दी थी। कल अंधेरा होने से बंद किया था रेस्क्यू ऑपरेशन झील में किसी के डूबने की सूचना पर सोमवार रात को लोगों को भीड़ जमा हो गई थी। सूचना पर सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बंद करना पड़ा था। इसके बाद टीम ने सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया और दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। शव डूबने वाले पॉइंट से दूर और गहराई में होने के कारण गोताखोरों को शव तलाशने में मेहनत लगी। रेस्क्यू टीम में विपुल चौधरी, गौरव बगोरा, भवानी शंकर, दिनेश गमेती, सचिन कंडारा आदि शामिल थे।