उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने वर्चस्व की रंजिश में हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग के मामले में फरार इनामी दो आरोपियों को मथुरा से गिरफ्तार किया। उदयपुर आते हुए आरोपियों ने बाथरुम के बहाने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान गड्डे में गिरने से दोनेां के पैर टूट गए। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि मामले में सवीना के चित्रकूट नगर निवासी उस्मान गनी और सेक्टर-12 के मुर्शीद नगर निवासी मोहसिन गदनीया उर्फ काणा को गिरफ्तार किया। इन पर 10-10 हजार का इनाम था। फायरिंग के बाद से फरार चल रहे थे आरोपी फायरिंग के बाद से दोनों शहर छोड़कर भाग गए थे। बचने के लिए भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में ठिकाने बदल-बदलकर छिपते रहे। सोमवार को दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मथुरा में छिपे थे। जहां से पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। फिर वहां से उदयपुर लेकर रवाना हुए। मंगलवार सुबह दोनों ने रास्ते में पेशाब के बहाने गाडी रुकवाई। फिर भागने का प्रयास किया लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों गड्डे में गिर गए। दोनों के पैर में गंभीर चोट लगी है। जिसके बाद हॉस्पिटल ले जाकर इनका इलाज कराया गया। अब पुलिस आरोपियों से वारदात में उपयोग ली गई कार और हथियार बेचने वाले के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपियों को पकड़ने में हिरणमगरी थाने के एएसआई मनोहर सिंह, सवीना थाने हैड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मांगीलाल, छगनलाल और लोकेश रायकवाल को सफलता मिली। 10 दिन पहले दिया वारदात को अंजाम अरदीन उर्फ लाला 29 अगस्त की रात को बलीचा स्थित एक होटल में अपने साथियों के साथ जन्मदिन मना रहा था। रात करीब 2:30 बजे हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा गिरोह के उस्मान गनी और मोहसिन काड़ा समेत 6 बदमशों ने अरदीन पर हमला कर दिया। अरदीन पक्ष के जवाबी पथराव के बाद हमलावर भाग निकले। घटना का पता चलने पर अरदीन का बड़ा भाई हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा बदमाशों का पीछा करता हुआ सवीना स्थित बरकत कॉलोनी जा पहुंचा। वहां उस्मान ने फरदीन पर फायरिंग कर दी। फरदीन को कंधे में 2 गोली लगी और वह गंभीर घायल हो गया। उसे साथी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। इसके बाद अरदीन ने सवीना में उस्मान के मामा इरशाद के घर में तोड़फोड़ कर दी थी।