उदयपुर में पिछले तीन सप्ताह से बारिश नहीं होने के बावजूद मौसम ने गुरुवार सुबह करवट बदल ली। सुबह से चल रही ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। बारिश के लंबे ब्रेक के बीच लोगों को सुहाने मौसम का अहसास हुआ। अब अगले तीन दिनों में मौसम कैसा रहेगा और बारिश की क्या संभावना है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। दरअसल, सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक बनी रही।दोपहर होते-होते उमस का मामूली असर बढ़ने लगा और हल्की धूप निकलने लगी। शाम तक इसी तरह का मौसम बना रहा। उदयपुर में बीते करीब एक सप्ताह इसी तरह मौसम का मिजाज बदला हुआ है। वहीं, बारिश की बात करें तो उदयपुर में बीते करीब 3 सप्ताह से बारिश नहीं हुई है। इसी कारण झील सहित नदी-बांधों के जल स्तर में इजाफा नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण उदयपुर संभाग में 4 से 7 सितंबर के बीच बारिश की संभावना है। जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।