नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की आज तबीयत खराब होने के बाद उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) में भर्ती किया है। चेस्ट में इंफेक्शन की शिकायत के बाद मंत्री खर्रा को सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे SMS लाया गया, जहां उन्हें मेडिकल आईसीयू में ऑब्जर्वेशन के लिए रखा है। इधर, विधायक गोपाल शर्मा को भी देर रात तबीयत खराब होने के बाद एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, आज दिन में मंत्री की निवास पर अचानक तबीयत खराब हुई। उन्हें बुखार, खांसी और सांस में हल्की तकलीफ होने के बाद एसएमएस लेकर आए, यहां डॉक्टरों ने देखने के बाद उन्हें मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया। पार्टी में टिकट बटवारे में विवाद, विधायक की बिगड़ी तबीयत सूत्रों के मुताबिक, सिविल लाइन्स से बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा की भी रविवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजन और स्टाफ जयपुर के एक निजी हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उन्हें भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि सिविल लाइन्स में नगर निगम चुनावों के टिकट बटवारें में हुए विवाद के बाद उनकी तबीयत खराब हुई। हालांकि, डॉक्टरों ने रातभर 4-5 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद छुट्टी दे दी है।