भास्कर न्यूज| जैसलमेर राज्य सरकार द्वारा उपनिवेशन विभाग की ब्याज माफी योजना के व्यापक प्रचार प्रसार एवं राजस्व वसूली के लिए उपनिवेशन तहसीलदार हड़मानराम के नेतृत्व में विशेष अभियान का आगाज किया गया है। तहसीलदार हड़मानराम ने बताया कि समस्त बकायदार काश्तकारों द्वारा 30 सितंबर तक अपनी बकाया किश्तें एकमुश्त जमा करवाने पर ब्याज में शत प्रतिशत छूट दी जा रही है। उन्होंने किसानों से इस महत्वपूर्ण योजना का पूरा फायदा उठाकर खातेदारी अधिकार प्राप्त करने का आह्वान किया। भू अभिलेख निरीक्षक आलम खां व घनश्याम सोनी के नेतृत्व में राजस्व दल ने सम, राहूकापार, चंगाणियों की बस्ती, सगरों की बस्ती, हमीरों की बस्ती, बलिदाद की बस्ती, भुवाना व धनाना के काश्तकारों से संपर्क साधा। साथ ही 40 आरडी, बांधा, धन्ने की ढाणी, मीरवाला और एकलपार में किसानों को अंतिम तिथि से पूर्व राजस्व जमा करवाने के लिए प्रेरित किया। जिस पर काश्तकारों ने सकारात्मक भरोसा दिलाया। अभियान दल में पटवारी मुकेश हर्ष, चितरंजन सिंह राजवी, अमीलाल थाकन, गौरव मीना, बहादुर बैरवा, अनिल कुमार, राम प्रताप सुथार, अरविंद कुमार, अनामिका एवं गुंजन कुंवर झाला शामिल रहे।