सिरोही जिले के वासा गांव में किसान जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों और महिला कृषकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञ महेंद्र सिंह गलथनी ने किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं, अनुदान और उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। गलथनी ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं, खेत तारबंदी, ड्रिप सिंचाई और प्राकृतिक खेती के लाभों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने खेत तारबंदी योजना के तहत आवारा पशुओं और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए मिलने वाले सरकारी अनुदान और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके साथ ही, सूक्ष्म सिंचाई योजना (ड्रिप एवं फव्वारा संयंत्र) के तहत जल संरक्षण और कम पानी में अधिक फसल उत्पादन के लिए ड्रिप व स्प्रिंकलर संयंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी बताया। गलथनी ने किसानों को रोटावेटर, थ्रेशर, कल्टीवेटर जैसे आधुनिक कृषि औजारों और सोलर पंप की स्थापना पर मिलने वाले विभागीय अनुदान तथा राजकिसान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की विधि समझाई। उन्होंने रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने, खेती की लागत घटाने और जैविक किट, जीवामृत व प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन अनुदान का लाभ उठाने पर भी जोर दिया। महेंद्र सिंह गलथनी ने किसानों को ई-मित्र या स्वयं के माध्यम से सभी कृषि योजनाओं के लिए समय पर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिला किसानों ने महिला सशक्तिकरण आधारित कृषि अनुदानों और योजनाओं में विशेष रुचि दिखाई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों के योजनागत प्रश्नों, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। अंत में ग्रामीणों और कृषकों ने दी गई जानकारियों के लिए आभार व्यक्त किया और सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाने का संकल्प लिया।