भास्कर न्यूज | नागौर चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार देर शाम नागौर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का सामना स्थानीय स्तर पर नाराजगी से हुआ। टिकट बंटवारे से आहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष के सामने खुलकर विरोध दर्ज कराया। भाजपा कार्यालय में वार्ड 3 के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रामकुमार चौधरी के पुत्र का टिकट कटने पर कार्यकर्ताओं ने रोष जताया और प्रदेशाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। हालात की नजाकत को भांपते हुए राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को तुरंत बंद कमरे में चर्चा के लिए बुलाया और उनकी समस्याएं इत्मीनान से सुनीं। टिकट कटने के बाद वार्ड 58, 59 और वार्ड 6 से कई बड़े चेहरे, जिनमें पूर्व पार्षद और पूर्व पालिकाध्यक्ष तक शामिल हैं, बागी तेवर अपनाते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। पार्टी के भीतर असंतोष से निपटने के लिए प्रदेशाध्यक्ष ने बागी हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं से लंबी समझाइश की। राठौड़ ने सभी से आपसी गिले-शिकवे भुलाकर पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर काम करने की अपील की।