बाड़मेर | बाड़मेर में सोसायटी टू अपलिफ्ट रूरल इकोनॉमी श्योर ने सुजलॉन फाउंडेशन और सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड के सहयोग से सुउदय परियोजना के तहत 10 पशुपालक परिवारों को 2 घन मीटर क्षमता के बायोगैस प्लांट मुफ्त लगाए। कार्यक्रम गुरुवार को ब्लॉक बाड़मेर और शिव क्षेत्र के 10 गांवों में आयोजित हुआ। संस्था ने इसे स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल बताया। संस्था की संयुक्त सचिव डॉ. लता कछवाहा के अनुसार बायोगैस प्लांट से रसोई के लिए धुआं रहित गैस मिलेगी। इसके साथ स्लरी से जैविक खाद तैयार होगी। इससे लकड़ी की खपत घटेगी और धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है। परियोजना प्रभारी हनुमानराम चौधरी ने बताया कि सभी प्लांट तकनीकी मानकों के अनुसार सिसटमा बायोगैस कंपनी की सीनियर इंजीनियर टीम ने बनाए। लाभार्थियों को संचालन और रखरखाव का प्रशिक्षण दिया गया। हर गांव में पशु मित्र और परियोजना स्टाफ निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन के तौर पर शुरू किया गया चरण है और परिणाम बेहतर रहे तो मांग के आधार पर अन्य गांवों में विस्तार किया जाएगा।