बौंली तहसील क्षेत्र की हिंदुपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया। शिविर में करीब 200 ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों ने सरकारी योजनाओं का लाभ लिया। 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर प्रभारी तहसीलदार दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि राजस्व, कृषि, बिजली, पेयजल, चिकित्सा, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि डिडवाड़ी निवासी पप्पू लाल सैनी के 10 वर्षों से लंबित जमाबंदी शुद्धिकरण प्रकरण का मौके पर समाधान रहा। तहसीलदार की मौजूदगी में जैसे ही रिकॉर्ड में संशोधन हुआ, किसान और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। इसके अलावा करीब 10 वर्षों से लंबित जमीन बंटवारे का एक मामला भी मौके पर निपटाया गया। डाक विभाग के पोस्टमास्टर मनोज गुप्ता ने बताया कि जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाए गए। इससे अभिभावकों को गांव में ही सुविधा मिल गई। पशुपालन विभाग ने पशु जीवन बीमा योजना की जानकारी दी। पशु बीमा पॉलिसियां जारी करवाईं अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत 40 हजार रुपए तक के लाभ की जानकारी मिलने के बाद कई पशुपालकों ने पशु बीमा पॉलिसियां जारी करवाईं। बिजली निगम के जेईएन हरिओम ने बताया कि बिजली संबंधी 10 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर में जाति, मूल निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न विभागों के कार्य भी किए गए। सरपंच नरेंद्र कुमार महावर ने बताया कि शिविर में करीब 200 लाभार्थियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी हंसराज मीणा, भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।