कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल ने बताया कि राजस्थान सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 सत्र के लिए पंजीकृत 2.17 करोड़ बीमाधारकों को 1150.04 करोड़ रुपए की राज्यांश अनुदान राशि का भुगतान कर दिया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा का मजबूत कवच मिलेगा। कृषि मंत्री ने बताया कि योग्य फसल बीमा पॉलिसीधारक किसानों को खरीफ 2025 के तहत देय लगभग 2237 करोड़ रुपये के दावों का शीघ्र, त्वरित एवं प्राथमिकता आधार पर वितरण किया जाएगा। यह योजना किसानों को असफल बुआई, बुआई से कटाई तक खड़ी फसलों में प्राकृतिक आपदाओं से क्षति तथा कटाई उपरांत 14 दिनों की अवधि में पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस पर पूर्ण बीमा लाभ प्रदान करेगी। राज्य सरकार दावों के सत्यापन को पारदर्शी, त्वरित एवं तकनीकी आधारित बनाने के लिए कटिबद्ध है, ताकि कोई किसान विलंब का शिकार न हो। खरीफ 2025 के आंकड़े किसानों द्वारा 466.14 करोड़ रुपए का प्रीमियम जमा करवाया गया है। किसानों पर प्रीमियम कम पड़े इसके लिए राज्य सरकार द्वारा राज्यांश प्रीमियम अनुदान 1150.04 करोड़ रुपए और केंद्र सरकार द्वारा प्रीमियम अनुदान 1150.04 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया हैं, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ कम पड़े।