श्रीगंगानगर| 12 वर्षीय बालिका बिना घर में किसी को कुछ बताए तीन िदन से लापता थी। पुलिस उसकी तलाश में यहां सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही थी। इसी दौरान वह उज्जैन में अपनी नानी के पास पहुंच गई। यह समाचार थाने पहुंचा तो पुलिस ने राहत की सांस ली। एसएसबी रोड की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही इस बालिका की मां की ओर से जवाहरनगर थाने में 25 अप्रैल को सूचना दी गई। बालिका 24 तारीख की शाम 7 बजे से घर से लापता थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की। जब उसका कहीं पर कोई पता नहीं चला तो थाने पहुंचे। पुलिस की ओर से तत्काल अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया जाकर तलाश को टीमें लगाई गईं। बालिका के घर से लेकर चारों दिशाओं में उसके जाने का रूट पता करने को कैमरों की रिकॉर्डिंग को देखा जा रहा था। इसी बीच बालिका के परिवार ने सूचना दी कि परिवार में बालिका का ममेरा भाई जो दिल्ली रहता है, उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और वह भी 25 तारीख की सुबह से लापता है। पुलिस को आशंका हुई कि बालिका दिल्ली जा सकती है। लेकिन जब तक युवक की लोकेशन न मिले तब तक टीम को दिल्ली रवाना नहीं करने का फैसला लिया गया। एसएचओ देवेंद्र राठौड़ ने बताया कि बालिका 26 तारीख की शाम को अपने ननिहाल उज्जैन में सुरक्षित पहुंच गई है।