गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को जालोर जिला मुख्यालय पर व्यापारियों, गौभक्तों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों और सनातन धर्मप्रेमियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान दो रथों में गोमाता के बछड़ों को लेकर बड़ी संख्या में लोग जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने की मांग को लेकर 5 लाख 38 हजार 315 हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र प्रशासन को सौंपे। इन प्रार्थना पत्रों को केंद्र एवं राज्य सरकार को भेजा जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत मलकेश्वर मठ में आयोजित सभा से हुई। यहां संत-महात्माओं और वक्ताओं ने गोमाता के सम्मान, संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव के महत्व पर विचार व्यक्त किए। इसके बाद लोग रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया गया। बाद में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने की मांग की गई। संत-महात्माओं का रहा सानिध्य कार्यक्रम पीर शांतिनाथ महाराज के आशीर्वाद और 1008 गंगानाथ महाराज सहित संत-महात्माओं और संन्यासियों के सानिध्य में आयोजित हुआ। अभियान में पूज्य ईश्वर नाथ महाराज (जालंधर नाथ मठ), पूज्य श्रवण भारती (मलकेश्वर मठ), पूज्य हनुमान गिरी महाराज (बागेश्वर मठ), हनुमान गिरी महाराज (कालका माता मंदिर), पूज्य अर्जुन गिरी महाराज (हल्देश्वर मठ), पूज्य गोपालनाथ महाराज (जालंधर नाथ मठ), पूज्य विजयानंद सरस्वती महाराज (दादाल मठ), पूज्य धीमाराम महाराज (चितलवाना), पूज्य तप गिरी महाराज (कोमता), पूज्य जीतानंद महाराज (पुनाडिया) और पूज्य धनानंद सरस्वती (दादाल) सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य रहा। जालोर में आयोजित ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृ शक्ति, सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर गोमाता के सम्मान, संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव के प्रति अपना संकल्प व्यक्त किया।