पंचायत समिति सदस्य चुनाव में नामांकन के शुरुआती दो दिनों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। बुधवार को राजसमंद पंचायत समिति के 25 वार्डों में 13 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें कांग्रेस के 11, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का एक और एक निर्दलीय प्रत्याशी शामिल है। भाजपा की ओर से बुधवार तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। आरओ एवं एसडीएम ओम प्रभा ने बताया कि कांग्रेस से वार्ड 1 में खुशबू कंवर चौहान, वार्ड 8 में मीना देवी, वार्ड 9 में यशपाल सिंह, वार्ड 16 में श्यामलाल और देवीलाल, वार्ड 18 में कौशल्या, वार्ड 19 में नानालाल, वार्ड 20 में गोमती बाई, वार्ड 22 में लक्ष्मणलाल, वार्ड 24 में दिनेश और वार्ड 25 में बंशीलाल ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 12 से आरएलपी के रोशनलाल और वार्ड 15 से निर्दलीय प्रत्याशी लीला ने पर्चा भरा। 16 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन: नामांकन प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 18 अक्टूबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे।