दूधू-भलीसर मार्ग पर जागरुक ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस, विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल प्रखंड धोरीमन्ना एवं अमृता देवी वन्यजीव संरक्षण संस्थान, सुदाबेरी के सहयोग से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 13 गोवंश को मुक्त कराया गया। ठूंसकर भरने व घुटन के कारण दो बछड़ों की मौत हो गई, जबकि 11 गोवंश को सुरक्षित बचाकर गोशाला पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। ग्रामीणों की सूचना पर संयुक्त टीम ने एक छोटे ट्रक को रुकवाकर उसकी जांच की। ट्रक में बिना वैध दस्तावेजों के 13 गोवंश को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इनमें 7 गाय एवं 6 बछड़े शामिल थे। घुटन के कारण दो बछड़ों की मौत हो गई। संयुक्त अभियान में विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल तथा अमृता देवी वन्यजीव संरक्षण संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवंश के साथ क्रूरता, बिना वैध अनुमति पशु संरक्षण कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सूचना देने वाले ग्रामीण युवाओं अर्जुन सारण, हीराराम चौधरी, पुनमाराम सारण, श्रीराम बेनीवाल, चनणाराम जाखड़ एवं उमाराम सारण का आभार जताया।