पंचायत समिति कार्यालय में नामांकन पत्रों की जांच करते अधिकारी। भास्कर न्यूज । पांचौड़ी पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति पांचौड़ी के सदस्य पदों के लिए बुधवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। जांच के दौरान कुल 85 आवेदनों में से 13 आवेदन खारिज कर दिए गए, जबकि एक आवेदन मर्ज होने के बाद 71 आवेदन वैध पाए गए। निर्वाचन अधिकारी सुरेश के अनुसार, जांच में भाजपा के 13, कांग्रेस के 12, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के 15 और 31 निर्दलीय प्रत्याशियों के आवेदन सही पाए गए हैं। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब गुरुवार को होने वाली नाम वापसी की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में शेष रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही पांचौड़ी पंचायत समिति के 15 वार्डों में चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। नामांकन जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशी चुनाव की आगामी तैयारियों में जुट गए हैं।