भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं जिले में जनसंख्या नियंत्रण और बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के लिए पंचायत समिति खेतड़ी को जिले में पहला स्थान मिला है। चिकित्सा विभाग द्वारा शहर के अंबेडकर भवन में हुए कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों व अस्पतालों के साथ चिकित्साकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी व सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने खेतड़ी पंचायत समिति को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 2 लाख की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। खेतड़ी निवर्तमान प्रधान मनीषा गुर्जर, बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव ने पुरस्कार लिया। इसी तरह अस्पतालों में जिला चिकित्सालय नवलगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहाड़ा व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाय को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 50-50 हजार की पुरस्कार राशि व प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके साथ जिले की 12 ग्राम पंचायतों को पंचायत समिति स्तर पर पहला स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इन ग्राम पंचायतों में हरेक को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प प्रशस्ति पत्र दिया गया। यह पुरस्कार जिले में स्वास्थ्य सेवा के क्रियान्वयन, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण व मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण के प्रबंधन के लिए दिए गए। इस दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ. बीएल सर्वा, उपनिदेशक पूनम कटेवा, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रमोद नारनौलिया, पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू समेत अन्य मौजूद रहे। खेतड़ी में सिहोड़, नवलगढ़ में टोडपुरा, पिलानी में दुधवा, उदयपुरवाटी में बागौरा, मंडावा में हनुमानपुरा, झुंझुनूं में पुरोहितों की ढाणी, बुहाना में गुंती, अलसीसर में भूदा का बास, सूरजगढ़ में महपलवास, चिड़ावा में चनाना, सिंघाना में डूमोली कलां को सम्मान मिला। इसी तरह नसबंदी करने वालों में बीडीके अस्पताल के सर्जन डॉ. राजेन्द्र गजराज, डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. गौरव बूरी, डॉ. इकराज अहमद, बगड़ सीएचसी के डॉ. उमेश शर्मा, चिड़ावा अस्पताल के डॉ. मनोज जानू, नवलगढ़ अस्पताल के डॉ. महेन्द्र सबलानिया, निश्चेतक डॉ. सुनील कुमार, डॉ. पारस चौधरी, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. विकास औलखा, डॉ. महिमा, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. राजेश शर्मा को सम्मान दिया।