शेरपुर गांव में गुरुवार सुबह नगरपालिका अध्यक्ष के पति की सतर्कता और गौ रक्षा दल की सूझबूझ से गौतस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया गया। नगरपालिका अध्यक्ष पति राजेंद्र सैनी की तत्परता से कुल 16 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिनमें 15 बछड़े और एक गाय शामिल हैं। सभी मवेशियों को अतरिया के पास स्थित गोशाला में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। गौरक्षा दल के सदस्य प्रवीण मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे शेरपुर गांव में मेवात के संत बाबा लाल दास मंदिर के पास कुछ लोगों द्वारा गोवंशों को पैदल हरियाणा की ओर ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर रामगढ़ गौरक्षा दल की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले राजेंद्र सैनी और उनके साथियों ने भी पांच-छह संदिग्धों को गोवंश ले जाते हुए देखा। मौके पर टीम को आते देख आरोपी गोवंशों को छोड़कर फरार हो गए। थानाधिकारी हरदयाल यादव पहुंचे। इसके बाद भीम चेतीवाल, गौरक्षा दल के सदस्य मोहित पंडित, मोहित सेन और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर सभी 16 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया।