श्रीगंगानगर| आबकारी थानों की संयुक्त टीमों ने रविवार को रावला, घड़साना और अनूपगढ़ एरिया में हथकढ़ शराब बनाने वाले ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 161 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। करीब 4000 लीटर कच्ची शराब नष्ट की गई। इस दौरान शराब बनाने की 8 कच्ची भट्ठियां पकड़ी गईं। इन्हें भी तोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई में आबकारी एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बीकानेर से अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पोमाराम रोहिण ने बताया कि ईपीएफ डीवाइएसपी देवेंद्र सिंह तथा अनूपगढ़ ईपीएफ थाना के पीओ विजेंद्र सिंह ने टीम सहित रविवार को छापेमारी की। इस दौरान घड़साना, 6 एमजीएम, एक केपीडी, खानूवाली, 7 केएनडी, 365 हेड एरिया में छापेमारी की गई। यहां एक जगह से 53 और दूसरी जगह से 108 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। दो मुकदमे दर्ज किए गए। करीब 4000 लीटर लाहण और शराब बनाने की 8 कच्ची भट्ठियों को नष्ट करवाया गया है।