देवगढ़ में जड़ी-बूटियों से इलाज के नाम पर 17.30 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने ठगी की रकम ट्रांसफर करवाने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विनोदकुमार यादव (47), निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश) को गुजरात के भीलाड़-वापी क्षेत्र से पकड़ा गया। विजयपुरा निवासी मोहनलाल बुनकर ने 20 मार्च 2025 को रिपोर्ट दी थी कि डॉक्टर जरीवाल और अन्य लोगों ने उनकी मां के घुटनों का देशी जड़ी-बूटियों से इलाज करने का झांसा देकर 17.30 लाख रुपए ठग लिए। बैंक खातों के रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग जगह डेरे लगाकर देशी दवाइयों से इलाज के नाम पर लोगों का भरोसा जीतते और बड़ी रकम लेकर फरार हो जाते थे। ठगी की रकम मंगवाने के लिए लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते और उनमें अपने मोबाइल नंबर दर्ज करवाकर रुपए निकाल लेते थे।