अलवर दिवाली से पहले शहर में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे आटे वाली गली में एक दुकान पर दबिश देकर अवैध पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की। पुलिस ने दुकान संचालक ऋषि कुमार निवासी आटे वाली गली को गिरफ्तार किया है। थाना इंचार्ज दिनेश मीणा के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दुकान पर बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो 210 पैकेट छोटी-बड़ी फूलझड़ी, बम के 10 कार्टन और आतिशबाजी सामग्री के 20 पैकेट मिले। पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में पटाखों की खेप कहां से लाई गई और इसकी सप्लाई कौन कर रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।